Sunday, September 21, 2008
अपना एक अड्डा- अंतिम भाग
“जहां चार यार मिल जाएं वहीं रात हो गुलजार जहां चार यार....” आनंद विहार के इस अड्डे पर रात घिरते ही यार पहुचंने लगते हैं। फिर तो सिलसिला शुरू होता बैठने का, पीने का, पिलाने का और बातें उड़ाने का। यहां पर जब भी आप आएंगे तो दो-चार लड़के भाग कर आप के पास मेन्यू लेकर पहुंच जाएंगे। ‘कौन सी चाहिए?’ कन्फूयज ना हों और इसका मतलब भी अन्यथा ना लें। ये पूछते हैं कि व्हिस्की, रम, बियर आदि क्या चाहिए।
मेरे ही सामने दो लड़के एक ही बैंच पर दोनों तरफ पैर करके आमने-सामने बैठे हुए हैं। साथ में पीने के लिए जो-जो सामान चाहिए वो सब बीच में रखा हुआ। एक कह रहा है कि, देख, तूने गलत किया, तेरे को ऐसे नहीं कहना चाहिए था। दूसरा, क्यों में हाथ का इशारा करता है। शायद ज्यादा हो जाने की वजह से ये क्यों जैसा फिसलू शब्द उसकी जुबान से फिसल रहा है। बॉस ने जो कह दिया वो सराखों पर, पता नहीं तेरे को क्या हुआ जो कर बैठा बहस। आज तो मैं पिला रहा हूं पर कल तू कहां से पिएगा। मतलब समझने में देर नहीं लगी कि पहले वाले की नौकरी जा चुकी है। गम गलत करने के लिए बेचारा जाम पे जाम लगाए जा रहा है। वैसे भी यदि इनक्रिमेंट हो गया होता तब खुशी में पीता और कुछ घटित नहीं होता तो इस गम में कि कुछ हुआ क्यों नहीं। पहले वाला दूसरे के कंधे पर सर रखकर रोने लगा और फिर दूसरे वाला उसे उठाकर के ले गया और कोने में उसको बैठा दिया। ज्यादा पीने की वजह से पहले वाले का हाल बेहाल होचुका था। मतलब समझ गए होंगे।
एक दिन तीन-चार लड़के पीने में लगे रहे फिर जब पैसे मांगे गए तो एक-दूसरे पर टालमटोल करने लगे। दुकानदार कभी किसी के पीछ भागे कभी किसी के। कुछ पहले के उधारी भी थे। मैं वहीं खाना खा रहा था, अपने ऑफिस के दो सहयोगियों के साथ । दुकानदार ने सब को अपने पास बुलाया और पैसे मांगे। उनमें से एक जिसको की पैसे देने थे वो तेज तेज चिलाकर बदतमीजी करने लगा। थोड़ी देर में ५-६ दुकानदार आए और उससे पैसे मांगे पर वो उनसे भी उलझ गया।मैंने अपनी जिंदगी में ऐसी पिटाई नहीं देखी। एक अकेला लड़का और ८-१० दुकान के लड़के उस पर लात-घूंसों से दे दनादन। उसके जितने साथ में पीने वाले थे कोई भी आगे नहीं आया वो पिटता रहा। जब हमने बीच बचाव किया तब वो छूटा। और फिर उस दुकानदार के पास अपनी घड़ी-मोबाइल कस्टडी में रखकर, माफी मांग कर चला गया। मैंने सोचा कि यदि ये ही करना था तो पहले ही कर दिया होता। पिटाई हुई और इज्जत गई सो अलग।
वैसे तो, ऐसे बहुत से किस्से हैं यदि कहुं तो अगली पोस्ट के बाद तक भी सिलसिला चला जाएगा। तो इसलिए यहीं खत्म करते हैं, पर...हां, एक किस्सा और सुनाते हुए खत्म करूंगा।
दो बंदे खूब पी चुके थे। पीने के बाद खाने का ऑर्डर किया उन्होंने बड़ी मुश्किल से, और उतनी ही मुश्किल से वो बैंच पर बैठ पाए। हम लोग निकलने वाले थे लेकिन मैंने सब को रोक लिया। मुझे यहां पर एक किस्सा दिख रहा था। दोनों ऐसे बैठे थे कि हवा का एक झौंका उनको गिराने के लिए काफी था। खाना सामने लग गया तो थोड़ी दिक्कत के बाद रोटी तो तोड़ ली। हाथ लगातार हिल रहे थे। सब्जी लगाने के लिए दूसरे हाथ से पहले हाथ को पकड़ रहे थे। कैसे-कैसे करके तो सब्जी लगाई पर अब हाथ मुंह में जाने की बजाय दाएं-बाएं से निकल रहा था। बार-बार वो कोशिश करें और उतनी ही तेजी से कोशिश नाकाम हो रही थी। हम ये देख-देख कर पेट पकड़कर हंस रहे थे। उनके लिए तो ये एक जंग जैसा ही था पर हमने फिल्मों के अलावा ये सीन पहले कहीं नहीं देखा। हम हंसते हंसते वहां से निकल लिए। नहीं जानता कि वो खाना खा पाए भी या नहीं।
सच में पीने वालों की तो बात ही निराली होती है। कई शायरों,कवि को तो ये प्याला क्या से क्या बना गया पर कुछ के लिए तो ये.....महज एक प्याला ही रहा। हां, आनंद विहार का ये अड्डा याद तो बहुत ही रहेगा पर देखना अब ये है कि उनकी ये अमावस्या (बंद वाली बात) कब खत्म होती है।
आपका अपना
नीतीश राज
Wednesday, September 3, 2008
अपना एक अड्डा-भाग २
आनंद विहार के इस अड्डे पर जैसे ही आप एंट्री करेंगे तो चार-छह लड़के तुरंत दौड़ते हुए आप के पास आजाएंगे। उनकी लिस्ट सुनेंगे तो हैरान रहे बिना नहीं रह सकेंगे, इतनी रात में भी इतना कुछ। सर, बताइए तो क्या लेना पसंद करेंगे। आप सोचेंगे कि गाड़ी आगे लगा लें कही पुलिस ने पकड़ लिया तो रात काली होने में देर नहीं लगेगी, फिर देते रहो पैसे। आप सोचेंगे कि इन लोगों की सैटिंग होगी इन पुलिसवालों से ये तो बच जाएंगे और आप फंस जाएंगे। हां, ये सच भी है कि इनकी सैटिंग होती है पुलिसवालों से, और इनका मानना है कि पुलिस हफ्ता लेती है तो वो इनके ग्राहकों को तंग भी नहीं करेगी। पर हरबार ऐसा होता नहीं है।
सबसे पहले होगी आप को अपनी तरफ खींचने की होड़। पर यहां अधिकतर वो लोग आते हैं जिनको पता रहता है कि किस जगह पर क्या और कैसा मिलता है। रेट में ये हमेशा ही गच्चा देते रहते हैं, ऐसे ही जैसे कि सरोजनी नगर आप जाएं तो मार्केट वाले। पर खास ये कि इस होड़ में कभी भी इन लोगों के बीच में लड़ाई मैंने तो नहीं देखी और ना ही सुनी है।
कई बार ज्यादा पीने के बाद यहां पर नौटंकी देखने वाली होती है। यहां बैठकर सिर्फ कान-आंख खुली रखिए। फिर देखिए क्या-क्या नजारे देखने को मिलते हैं। एक से बढ़कर एक फेंकूं तो पीने के बाद ही होते हैं। इस की बात फिर कभी।
हां, ऐसी जगहों पर पुलिस हमेशा आस-पास रहती ही हैं। एक तो गैरकानूनी, यदि कुछ लफ्ड़ा होगया तो फंसेंगे पुलिसवाले भी। पुलिसवाले कानून की आड़ में ही कानून का मजाक उड़ाते हैं। यहां देर रात में जब कोई भी गुट या फिर व्यक्ति विशेष ज्यादा आउट होने लगता है तो इन दुकानदारों के गठजोड़ के अलावा यहां की पुलिस का डर हमेशा लोगों के दिमाग में रहता है। ज्यादा पी लेने के बाद कई बार बदतमीजी होती हैं, ऐसी जगहों पर। तो उनकी सेवा भाव के लिए, पुलिस है ना, सदैव तत्पर-आपकी सेवा में उपलब्ध। कई बार तो लगता है कि पुलिस इनके लिए है हमारे लिए नहीं।
मैंने यहां ये भी देखा है कि कभी कोई पुलिस की गाड़ी आएगी और तुरंत यहां कि लाइटें बंद कर दी जाती है। लोग यहां-वहां हो जाते हैं। जो दिखता है उस पर पुलिस डंडे छोड़ देती है चाहे वो यात्री ही हो और बेचारा सिर्फ सुफियाने अंदाज में खाना ही क्यों ना खा रहा हो।
ऐसा ही कुछ मेरे साथ हुआ। ये तकरीबन तीन साल पहले की घटना होगी। एक रोज ऑफिस से निकलते हुए देर होगई तो सोचा कि चलो खाना खाकर फिर घर का रुख करेंगे। रात के एक बजे के बाद का वक्त रहा होगा। जे. पी. जो कि अलीगढ़ का रहने वाला है यहां पर अपना स्टॉल लगाता है। जब भी खाना होता है तो, मैं यहां ही खाता हूं। जेपी तेल कम डालता है साथ ही थोड़ा साफ सफाई भी है और खाना बनाता भी दिल से है और उसके खाने में थोड़ा स्वाद भी है। मेरा खाना लगभग खत्म होने वाला था। तभी वहां पर पुलिस आगई। पुलिस अपने पुराने राग को अंजाम देने लगी, बरसाने लगी डंडे। मेरे बगल में बैठा था एक व्यक्ति जो कि एटा से आया था, जाना था मालवीय नगर। (ये घटना के बाद पता चला था) बस से उतरा सोचा कि पहले खाना खा ले फिर ऑटो करके घर चला जाएगा। वो खाना खा रहा था, उस की बैल्ट के नीचे डंडा लगा वो एकदम से कराह गया। उसका हाथ जहां का तहां रुक गया और मुंह का कौर मुंह से बाहर निकल आया। जितनों ने देखा सब का दिल धक्क से रह गया। मुझे तो लगा कि शायद ये प्रहार कहीं इस शख्स के प्राण ही ना ले उड़े। मैं बगल में था पुलिस वाले का हाथ फिर उठा और इस बार बारी मेरी थी। पर तभी जेपी ने आवाज़ लगाई और मैं भी उसी वक्त खाना छोड़ खड़ा हो चुका था। हवालदार ने डंडा घुमाया तो पर वो लगा बैंच पर। मेरी जान में जान आई। तब तक वो शख्स संभल गया था, वो उठा और उसने आव देखा ना ताव उस पुलिसवाले की पीठ पर एक घूंसा मार दिया। हम सब अवाक थे। दोनों एक दूसरे पर पिल पड़े। पुलिस की वर्दी का रौब तो होता ही है पर वो लड़का तो छोड़ने के मूड में था ही नहीं। रोता जा रहा था और मारता जा रहा था। पुलिसवाला भी मार रहा था पर कम। हम बीच बचाव करने लगे। तब जाकर मामला शांत हुआ। लेकिन पुलिसवाले पर हाथ उठाना तो अपराध है। पुलिस की वर्दी पहनकर दलाली करना भी तो गुनाह है, अपराध है। उस हवलदार के साथ आए ऑफिसर ने जेल में बंद करने की धमकी दी। मैंने उस ऑफिसर से एक बात पूछी कि यदि यहां खाना-पीना मना है तो ये बंद क्यों नहीं होते? उसने मेरा परिचय पूछा, मैंने बताया तो उस ने सब को इशारे से जाने के लिए कह दिया। फिर मेरे से मुखातिब होकर कहने लगा कि आप यहां क्यों आते हो, जब सूफी हो तो कहीं और भी तो खाना खाया जा सकता है। मैंने कहा कि घर के रास्ते में था इसलिए रुक गया पर उसका इशारा समझ वहां से रुखसत हो लिया।
अगली बार जाने पर पता चला कि उस रात वो एटा वाला आदमी तभी चला गया था। पुलिस ने यहां पर तो कुछ नहीं कहा था, आगे कोई नहीं जानता। पूरे समय पुलिस मौजूद रही और रात भर के लिए सभी ढाबे और स्टॉल बंद करवा दिए गए। जो हवलदार पिटा था वो उसी जगह पर बैठकर दारू पी रहा था, जहां पर उसने उस आदमी को मारा था और सारी रात बड़बड़ाता रहा।
जारी है...
(अगली बार ज्यादा पीने के बाद नौटंकी करने वालों पर)
आपका अपना
नीतीश राज